सूखे का जायजा लेने 9 जनवरी को झारखंड आयेगी केंद्रीय टीम, सूखा घोषित प्रखंडों का करेगी दौरा
रांची : राज्य में कम मानसूनी बारिश के बाद सूखे की स्थिति का आकलन करने के लिए एक केंद्रीय टीम नौ जनवरी को झारखंड का दौरा करेगी। टीम का नेतृत्व केंद्रीय मंत्रालय की संयुक्त सचिव डॉ. विजय लक्ष्मी करेंगी।
झारखण्ड की ताज़ा ख़बरों के लिए यहाँ क्लिक करें
कृषि विभाग के सचिव अबु बक्कर सिद्दीकी ने शुक्रवार को बताया कि यह टीम 12 जनवरी तक झारखंड में रहेगी। इस दौरान विभिन्न प्रखंडों का भौतिक निरीक्षण किया जायेगा। केंद्रीय टीम में नीति आयोग के सदस्य भी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कैबिनेट सचिवालय एवं निगरानी विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर केंद्रीय टीम को राजकीय अतिथि घोषित करने और सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
गौरतलब है कि झारखंड सरकार ने 22 जिलों के 226 प्रखंडों को सूखा घोषित किया था। इन प्रखंडों में मानसून देर से आया और वर्षा कम हुई, जिसके कारण सरकार ने उपरोक्त प्रखंडों को सूखा घोषित कर दिया था।