लातेहार: बालूमाथ में दो पक्षों के बीच खूनी झड़प मामले में दो गिरफ्तार, भेजा गया जेल
शशि भूषण गुप्ता/बालूमाथ
लातेहार : जिले के बालूमाथ थाना पुलिस ने गुरुवार को बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय के मुरपा मोड़ में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार कर लातेहार जेल भेज दिया है।

जानकारी देते हुए बालूमाथ थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों में बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय के बड़का बालूमाथ मोहल्ला निवासी अशोक पासवान एवं संतोष पासवान को कांड संख्या 91/2023 मामले में गिरफ्तार कर लातेहार जेल भेजा गया है। साथ ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
लातेहार, पलामू और गढ़वा की ताज़ा ख़बरों के लिए व्हाट्सप्प ग्रुप ज्वाइन करें
थाना प्रभारी ने बताया कि द्वितीय पक्ष के सुरेश राम के द्वारा भी बालूमाथ थाने में लिखित आवेदन दी गयी है। जिसके आधार पर कांड संख्या 92/2023 दर्ज करते हुए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
मालूम हो कि गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय में विवादित जमीन मामले को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी झड़प हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के 14 लोग घायल हो गये थे। 9 लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया था।