अपडेट: माओवादियों के टॉप कमांडर रविंद्र गंझू के दस्ते से हुई थी मुठभेड़, 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर, 2 लाख का इनामी गिरफ्तार
लोहरदगा : जिले के बगडू थाना क्षेत्र के कोरगो जंगल में गुरुवार की सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर हो गया। जबकि एक दो लाख के इनामी नक्सली को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है।

इसे भी पढ़ें :- लोहरदगा में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, एक घायल, दो इनामी नक्सली गिरफ्तार
मुठभेड़ में मारे गये नक्सली की पहचान चंद्रभान पाहन के रूप में हुई है। जबकि गिरफ्तार नक्सली की पहचान गोविंद बिरजिया के रूप में हुई है। गिरफ्तार नक्सली लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र के पुतरार गांव का रहने वाला है।
एसपी ने बताया कि सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने 200 पीस आईईडी बम समेत अन्य सामान बरामद किये हैं।

बताया जाता है कि 5 लाख के इनामी नक्सली चंद्रभान पाहन की मौत फायरिंग के दौरान गोली लगने से हुई है। वह टॉप माओवादी कमांडर रविंद्र गंझू के दस्ते का सदस्य था और संगठन में सब जोनल कमांडर के पद पर कार्य कर रहा था। नक्सली चंद्रभान लोहरदगा के सेन्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत उगरामेढ़ो गांव का रहने वाला बताया जाता है।